![]() |
| फ़ोटो: साभार सुमन के. गुहा |
बहरहाल मुलाकात हुई, काफी देर तक बातचीत चली। दोस्ती भी एक औपचारिकता हो जाती है। वही औपचारिक बातें और सलाहें, वही फिर मिलने और बात करने के वादे, और फिर से आपके दोस्त का आपके फोन में एक कांटेक्ट बन कर रह जाना। मैं इन सब से अनभिज्ञ नहीं था। मुझे घर लौटने की जल्दी थी क्योंकि काफी देर हो चुकी थी। फिर विदा ले कर वापस लौटा घर की तरफ। इस बार भी स्कूटर एक बार में ही स्टार्ट हो गया। अब घड़ी 8:30 बजा रही थी, और दुकानें भी समेटी जाने लगीं थीं, पूरे शहर में दुकानें 9:30 तक खुलती हैं पर हमारे इलाके में शहर से दूर होने के कारण थोड़ा जल्दी बन्द होने लगती हैं। आज रास्ते अजीब सी खामोशी को ओढ़े थे, रास्ता लंबा और खाली था तो मैंने भी थोड़ा तेज गाड़ी चलाना शुरू कर दी। फिर न जाने क्या हुआ कि अचानक एक झटके में गाड़ी बन्द हो गई, मेरी नजर पेट्रोल के कांटे पर गई, पेट्रोल काफी था, शायद इंजन की समस्या हो? तो आयल भी चेक किया, आयल भी सही था।
अब मुझे अपनी बदकिस्मती का आभास होने लगा था, अभी कुछ देर पहले तक मैं काफी खुश था। अब अनेक आशंकाओं ने मुझे घेर लिया था, किस्मत का लेखा मान कर उस खाली रास्ते पर स्कूटर को धकेलने लगा, मैं उस समय हेमू के हारे सिपाहियों जैसा महसूस कर रहा था। बादलों ने भी मानो मेरी बदकिस्मती को पहचान लिया था। वो गरजने लगे थे मुझे चिढ़ाने के लिए, रास्ते मे एक भी आदमी का न दिखना मेरे लिए अजीब था, मैं ‛वो सुबह कभी तो आएगी' वाले मोड में जाकर बेतहाशा स्कूटर धकेले जा रहा था। फिर मेरी सबसे बुरी आशंकाएँ मानो सच साबित होने लगीं। हवाओं में मिट्टी की सौंधी महक आने लगी थी और हवाएं ठंडी भी होने लगीं थी। थोड़ी देर बाद पानी की एक बूंद आकर मेरे हाथ पर गिरती है...फिर दूसरी...तीसरी...और देखते ही देखते झमाझम बारिश ने मुझे घेर लिया, लेकिन मेरे स्कूटर धकेलने की गति में बिल्कुल कमी नहीं आई।
सड़कों पर पानी बढ़ने लगा था और सड़कें नाले में तब्दील हो गई थीं। मुझे पानी की विपरीत दिशा में स्कूटर धकेलने में पूरी ताकत झोंकनी पड़ रही थी। फिर मैंने सड़क के किनारे पर एक टीन शेड देखा जिसकी दीवारें भी टीन की बनीं थीं, और दरवाजे पर ताला था, अच्छी बात ये थी कि उसकी छत थोड़ी बाहर को निकली थी जहां मैं अपना सर छिपा सकता था। मैंने प्रकृति से जोर आजमाइश की जगह वहां सर छिपाना ही उचित समझा, चूंकि अंधेरा था पर बिजली चमक रही थी, इसी रोशनी में मैंने एक शब्द पढा ‛पुलिस चौकी'। मुझे समय का कोई भान नहीं था लेकिन अंदाजन 10 तो बज ही रहे होंगे, तभी मुझे वहां एक मोटरसाइकिल आती दिखती है, एक आदमी रेनकोट पहने उस मोटरसाइकिल से उतरता है, और चौकी का ताला खोलकर अंदर चला जाता है। क्या इसने मुझे देख लिया होगा? मैं अपने आप से सवाल करता हूँ। नहीं अगर देख लेता तो अंदर बुला लेता! नहीं पुलिसवाला होगा...ये लोग तो वैसे ही अकड़ू होते हैं ! आदि ख्याल मेरे जहन में घूम रहे थे, अब अंदर उस पुलिसवाले ने टोर्च ऑन कर दी थी। उसके वायरलेस सेट में भी रह रह कर आवाजें गूंजने लगीं थीं, बारिश पहले से और तेज हो गई थी। अचानक एक टोर्च की रोशनी मेरे चेहरे पर पड़ती है। एक शरीफ सी आवाज पूछती है ‛सर! आप बाहर क्यों खड़े हो अंदर आ जाइये!'
![]() |
| फोटो:साभार |
मैं थोड़ा झेंप गया, फिर कोई विकल्प न होने की दशा में उसके साथ अंदर आ गया। उसने मुझे बैठने को अपनी कुर्सी दे दी और खुद वो एक स्टूल पर बैठ गया, अब तक मुझे यकीन नहीं हो रहा था पुलिसवाले भी इतने शरीफ हो सकते हैं। हम दोनों कुछ देर के लिए चुपचाप बैठे रहे। फिर उसने चुप्पी तोड़ते हुए कहा। ‛बारिश ने तो गजब ही कर दिया आज' मैंने हां में अपना सर हिला दिया। फिर मैंने उससे पूछा समय क्या हो रहा है? जवाब मिला 10:30 उसने पूछा ये ''आपकी ही गाड़ी है जो बाहर खड़ी है?'' मैंने फिर हां में अपना सर हिला दिया। और कहा कि ''पता नहीं अच्छी भली थी बन्द पड़ गई'' वो बोला चलो कोई बात नहीं अभी थोड़ा पानी कम होने दो फिर देखते हैं। उसका इतना कहना था और टीन शेड पर गिरती पानी की बूंदे धीमे होने लगीं, ''चलो देखते हैं'' वो बोला मैं टार्च दिखा रहा था और वो मेरी गाड़ी को सही करने की कोशिश कर रहा था। पर लाख कोशिशों के बाद भी गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई, इस बीच पानी फिर से तेज होने लगा था,
11 बज चुके थे, वो बोला एक काम करते हैं आप गाड़ी चौकी के अंदर रख दो मैं आपको घर छोड़ आता हूँ। मैंने कहा कि हां ऐसा ही करते हैं। पानी में भीगते हुए हम दोनों ने मेरा स्कूटर उठा कर चौकी के अंदर रखा, उसने फिर मुझसे चलने को कहकर अपना रेनकोट मुझे थमा दिया, मैं ठंड से कांपने लगा था तो मैंने भी बिना कोई औपचारिकता किये पहन लिया। वो भीगता हुआ मुझे घर तक छोड़ कर आया। मैंने जबतक घर का ताला खोला वो जाने के लिए तैयार खड़ा था। उससे रुकने के लिए बोला तो वो नहीं रुका। कहा कि ''मेरी ड्यूटी है'' उसका रेनकोट उसे वापस थमाया और वो वापस चला गया। चूंकि मैं अकेला रहता था तो मैंने खुद ही अपने बाल सुखाए गीले कपड़े उतार कर सोने चला गया। सुबह 5 बजे के करीब मेरे दरवाजे पर दस्तक हुई, ये वही पुलिसवाला था, वो मेरी गाड़ी की चाभी मुझे थमाते हुए बोला ''ये लीजिये आपकी गाड़ी सही हो गई है।'' मैने उत्सुकतावश पूछा ''किसने की?'' उसका जवाब था ''मैंने''। हां उसी ने की होगी, क्योंकि 5 बजे इतनी सुबह कौन मेरा स्कूटर सही करने आता? इससे पहले कि मैं उससे चाय के लिए पूछता वो बोला ''अब मुझे जाना होगा थाने में रिपोर्ट करना है''। इतना कह कर वो पैदल ही वापस लौट लिया। मेरे सभी पूर्वाग्रह ध्वस्त हो चुके थे, मैं कुछ देर तक बस अवाक खड़ा रहा और फिर एक मुस्कान मेरे चेहरे पर बिखर गई। कहाँ तो मैं अपने एक दोस्त से मिलने को सिर्फ औपचारिकता मान कर निभाने गया था, कहाँ ये अनजान आदमी जिसने मेरे लिये इतना सब किया? इंसानियत पर भरोसा थोड़ा और पक्का हो गया। और देश का सुंदर भविष्य भी उस पुलिसवाले में मुझे दिखाई दिया।
-सिद्धार्थ सिंह तोमर


No comments:
Post a Comment